कोतवाली देहात की नई मंडी चौकी क्षेत्र में गांव के ही युवक ने घर में घुसकर महिला से रेप किया। जब इसकी शिकायत पीड़ित परिवार ने आरोपी के परिजनों से की तो उन्होंने महिला और उसके ससुर को पीट-पीटकर घायल कर दिया। शिकायत देने पर भी थाने में सुनवाई नहीं होने पर पीड़िता ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
अब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रेप और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। महिला ने कोर्ट को बताया कि 26 अक्तूबर 2016 की शाम करीब छह बजे वह घर पर अकेली थी। तभी गांव का शाहिद घर में घुस आया। उसके साथ एक अज्ञात व्यक्ति भी था जो तमंचा लेकर दरवाजे पर खड़ा हो गया। शाहिद ने जान से मारने की धमकी देकर महिला से रेप किया।
इसी बीच खेत से ससुर पहुंच गए। लोक लाज के चलते पुलिस में शिकायत नहीं की। ससुर ने शाहिद के परिजनों से इसकी शिकायत की तो उनका गुस्सा भड़क गया। 27 अक्तूबर 2016 की शाम शाहआलम, मोहम्मद अली, अजाना पत्नी शाहिद लाठी-डंडों से लैस होकर घर में घुस आए और पीड़िता और उसके ससुर को पीट-पीटकर घायल कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने चौकी पर तहरीर दी तो पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। थक हारकर कोर्ट का सहारा लेना पड़ा। देहात कोतवाल ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर शाहिद, शाहआलम, मोहम्मद अली और शबाना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
दुष्कर्म मामले में सुलह से इंकार पर पीड़िता के पिता का सिर फोड़ा
रेप का केस वापस नहीं लेने पर आरोपियों ने पीड़िता के पिता को धोखे से बुलाकर तमंचे की बट से सिर फोड़ दिया। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नगर निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि वह राज मिस्त्री का काम करता है। तीन माह पहले उसकी बेटी के साथ शहजाद व ऋषभ ने रेप किया था। दोनों इस मामले में जेल में बंद है।
बताया जा रहा है कि केस वापस लेने के लिए आरोपी के परिजन उसपर दबाब बना रहे हैं। बुधवार को आरोपियों के परिजनों ने उसके मोबाइल पर कॉल कर धोखे से काम के बहाने कालोनी में बुलाया और उसपर केस वापस लेने के लिए दबाव बनाने लगे। पीड़ित ने बताया कि केस वापस लेने से मना करने पर आरोपियों के परिजनों ने उसके साथ मारपीट कर तमंचे की बट मारकर उसका सिर फोड़ दिया। पुलिस ने ऋषभ के पिता व तीन अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।