कोतवाली देहात क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली नाबालिग छात्रा से तीन दिन तक बंधक बनाकर रेप किया गया। एक कालोनी में रहने वाली एक महिला ने आरोपी से अपने मकान में दरिंदगी कराई। शनिवार शाम घर पहुंची पीड़िता ने पिता को आपबीती बताई।
पुलिस ने दूसरे समुदाय से ताल्लुक रखने वाले आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी साढ़े पंद्रह साल की बेटी नगर के एक स्कूल में कक्षा सात की छात्रा है। 25 मई को वह स्कूल आई थी।
स्कूल से छुट्टी होने के बाद वह घर नहीं पहुंची। 28 मई की शाम बेटी रोती-बिलखती घर पहुंची। उसने पिता को आपबीती बताई तो वह दंग रह गया। किशोरी ने पिता को बताया कि मऊखेड़ा निवासी एक युवक उसे बहला-फुसलाकर ले गया।
आरोपी ने किशोरी को एक कॉलोनी स्थित एक मकान में तीन दिन तक बंधक बनाकर रखा। वहां आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म भी किया। इस वारदात में एक महिला ने भी आरोपी का साथ दिया था। नगर कोतवाल आरके शर्मा ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बहुत जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।