थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर बिलौनी में खेत पर पानी लगा रहे किसान को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बृहस्पतिवार रात सुल्तानपुर बिलौनी गांव निवासी नरेश पुत्र मवासी सिंह अपने खेतों पर पानी लगाने के लिए गया था। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक पहुंच गए। पूर्व में किसी बात को लेकर हुई रंजिश के चलते तीनों युवकों से नरेश का विवाद हो गया।
इस दौरान बाइक सवारों ने नरेश को गोली मार दी। लहूलुहान होकर नरेश गिर पड़ा और आरोपी उसी हालत में छोड़कर भाग गए। गोली चलने की आवाज सुन कर ग्रामीण पहुंच गए। आनन-फानन में घायल नरेश को सीएचसी सेंटर ले जाया गया।
लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने नरेश को हायर सेंटर के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया। थाना प्रभारी प्रताप सिंह ने बताया कि गोली मारने का कारण अभी नहीं पता चल सका है। घायल से पूछताछ के बाद ही जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। आरोपियों की तलाश की जा रही है।