जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में मंगलवार दोपहर बाद एक व्यक्ति ने विद्यालय संबंधी काम को आए एक प्रधानाचार्य पर पिस्टल तानकर सनसनी फैला दी। पिस्टल तानने वाला दलाल बताया जा रहा है। अफसरों ने मामले को दबाने का प्रयास किया, मगर पीड़ित प्रधानाचार्य ने कोतवाली में इस बाबत तहरीर दी जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
आदर्श इंटर कॉलेज नरसैना के प्रधानाचार्य मलूक चंद ने बताया कि वह मंगलवार दोपहर बाद करीब दो बजे जिला विद्यालय कार्यालय पहुंचे। उन्हें एक अध्यापक के प्रोमोशन संबंधी फाइल जमा करानी थी। मलूक चंद का कहना है कि जब वह क्लर्क राजकुमारी के पास फाइल चेक करा रहे थे
। उसी समय नरसैना का रहने वाला एक व्यक्ति जो इस समय बुलंदशहर में रहता है, को चक्कर लगाते देखा। करीब तीन बजे जब वह काम निपटाकर कार्यालय की गैलरी में पहुंचे तो उस व्यक्ति ने धमकी देते हुए उन्हें रोक लिया और सीने पर पिस्टल रखते हुए गाली-गलौच कर 10 लाख रुपये देने की मांग की।
उन्हें शिक्षक नेताओं का खास बताते हुए धमकी दी कि जान प्यारी है तो जल्द 10 लाख रुपये उसे दे दें। उसने विद्यालय के मैनेजर और शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष को भी जमकर गालियां दी। खास बात यह है कि मौके पर मौजूद लोगों में किसी ने विरोध नहीं किया।
यह घटना सीसीटीवी में भी कैद हो गई है। मलूक चंद ने बताया कि उन्होंने कोतवाली में तहरीर दे दी है। इस बाबत डीआईओएस रामाज्ञा कुमार से संपर्क नहीं हो पा रहा है, और न ही वह फोन रिसीव कर रहे हैं।
घटना से शिक्षकों में रोष
डीआईओएस कार्यालय में प्रधानाचार्य पर दलाल द्वारा पिस्टल तानने पर शिक्षकों में रोष है। उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष आनंद प्रकाश शर्मा ने कहा कि जिस व्यक्ति ने प्रधानाचार्य पर पिस्तौल तानी है वह दलाल है। दलालों के सक्रिय होने की बात कई बार अफसरों के सामने रखी गई मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो संघ आंदोलन को विवश होगा।