बिजली चोरी पकड़ने गए कर्मचारियों को दबंगों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान बीच-बचाव करने पर दबंगों ने एसडीओ और जेई पर चाकू से हमला कर कर दिया।
इसमें एसडीओ बुरी तरह घायल हो गए। जब बिजली कर्मियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी तो कोतवाल उल्टे में सवाल-जवाब करने लगे। इस घटना से गुस्साए कर्मियों ने जहांगीराबाद नगर और देहात की आपूर्ति ठप कर दी है।
इस मामले के मुख्य आरोपी दिलशाद सहित चार के खिलाफ तहरीर दी है। उधर, पुलिस की इस रवैये से नाराज अभियंता संघ ने एसएसपी से मुलाकात करने की बात कही है।
जहांगीराबाद के एसडीओ गौरव कुमार, जेई सचिन कुमार, जेई केपी सिंह, संविदाकर्मी सुमित शर्मा और शिव कुमार क्षेत्र के चचरई गांव में बिजली चोरी की तलाशी लेने गए थे।
इस दौरान बकाया जमा नहीं होने पर एसडीओ के निर्देश पर लाइनमैन शिव कुमार ने जैसे ही कनेक्शन काटा। दबंगों ने टीम पर चाकू से हमला बोल दिया।
फिर लाइनमैन और कर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर लाठी-डंडों से पिटाई की। बीच-बचाव करने पर एसडीओ और जेई सचिन कुमार पर दबंगों ने चाकू से वार कर दिया। जिसमें एसडीओ बुरी तरह घायल हो गए।
एसडीओ ने बताया कि हमले की सूचना कोतवाल को दी गई तो उन्होंने सहयोग की जगह उल्टे सवाल जवाब शुरू कर दिए।
अभियंता संघ में रोष
एसडीओ गौरव कुमार और बिजली टीम पर हुए हमले के खिलाफ अभियंता संघ में रोष है। घटना के बाद अभियंता संघ ने आपात बैठक बुलाकर पुलिस के खिलाफ रोष व्यक्त किया।
संघ के सचिव शिव कुमार का कहना है कि कोतवाल को हमले की सूचना के बावजूद मौके पर नहीं पहुंचना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसएसपी से मिलकर कोतवाल की शिकायत की जाएगी।
बिजली अधिकारी और कर्मचारी पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कोतवाल द्वारा कार्रवाई न किए जाने की शिकायत एसएसपी से की जाएगी।
-राकेश कुशवाहा, अधीक्षण अभियंता