विधायक को धमकी भरी कॉल आने के बाद मामला गंभीर होता जा रहा है। जान से मारने की धमकी में दर्ज एनसीआर पर तफ्तीश की अनुमति लेने के लिए नगर पुलिस ने कोर्ट में एप्लीकेशन लगाई है।
इजाजत मिलने पर एक टीम उत्तराखंड की जेलों में जाकर आरोपियों के बयान दर्ज करेगी। बता दें कि 27 दिसंबर की शाम डिबाई से सपा विधायक श्रीभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित को फोन पर हत्या की धमकी मिली थी।
पुलिस ने जांच की तो कॉल की लोकेशन उत्तराखंड की पौड़ी जेल निकली। नगर कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि विधायक को धमकी मिलने के मामले में एनसीआर दर्ज है।
जिस पर तफ्तीश शुरू करने के लिए कोर्ट से अनुमति की जरूरत है। इसलिए सीजेएम कोर्ट में अनुमति के लिए एप्लीकेशन लगाई है। कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद टीम को उत्तराखंड भेजा जाएगा।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड की जेलों में बंद संतोष राय और मोनू राठी के बयान दर्ज किए जाएंगे। साथ ही जेल के रिकॉर्ड भी खंगाले जाएंगे।