नगर की अणुविहार कालोनी में पिता-पुत्र सहित तीन लोगों की पुलिस ने पिटाई की थी। इसमें एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल छात्र को शुक्रवार रात एनएपीएस चिकित्सालय से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। सीओ डिबाई ने दोनों आरोपी सिपाहियों पर कार्रवाई की संस्तुति कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है।
अणुविहार कालोनी निवासी परमाणु संयंत्र कर्मी राधेश्याम यादव के पुत्र सतीश द्वारा शुक्रवार को अपने घर में किए गए हंगामे व मारपीट के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने राधेश्याम के दूसरे पुत्र विनोद व नीचे के आवास में रहने वाले संयंत्र कर्मी सुरेंद्र उर्फ कन्हैंया शर्मा और बीबीए के छात्र अंकित शर्मा के साथ मारपीट की।
आरोप है कि पुलिस ने तीनों को थाने ले जाकर जमकर पीटा था। इसमें अंकित शर्मा को अंदरूनी चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसके बाद गुस्साए लोगों ने बीती शाम थाने में हंगामा किया था। बाद में सीओ प्रेमप्रकाश यादव ने कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को शांत किया।
रात में एनएपीएस चिकित्सालय में भर्ती छात्र अंकित शर्मा को चिकित्सकों ने हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया। सीओ प्रेमप्रकाश यादव ने बताया कि दोनों आरोपी सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति कर रिपोर्ट अधिकारियों को भेज दी है।