संपत्ति के लिए दो बेटे मां-बाप के जान की दुश्मन बन बैठे हैं। दोनों बेटों ने मां-बाप को मारपीट कर घर से निकाल दिया। यही नहीं करीब 20 दिन पहले बेटों ने मारपीट कर मां का पैर तोड़ दिया था।
बेटों के आतंक से सहमे पीड़ित दंपति ने चौकी पहुंचकर तहरीर दी है। पुलिस के दबिश देने पर दोनों आरोपी भाग गए हैं।
चौकी क्षेत्र के निठारी गांव निवासी देवेंद्र ने पुलिस को बताया कि उनके पास 20 बीघा जमीन हैं।
उनकी दो संतान है जो शादीशुदा हैं। आए दिन शराब पीकर हंगामा करते हैं। मना करने पर मारपीट करते हैं। देवेंद्र ने पुलिस को बताया वह अपनी पत्नी कमलेश के साथ खेती करके गुजर बसर करते हैं।
उनके दोनों बेटे जमीन बेचने का दबाव बनाते हैं। बात न मानने पर आए दिन मारपीट करते हैं। करीब 20 दिन पहले बेटों ने पीट-पीटकर मां कमलेश का पैर तोड़ दिया था।
शुक्रवार सुबह संपत्ति नहीं देने पर बेटों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। चौकी प्रभारी विनोद यादव ने बताया कि मामला पारिवारिक है।
पीड़ित दंपति कुछ दिन पहले भी शिकायत लेकर आए थे। आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी, लेकिन वह भाग निकले हैं। जल्द ही दोनों को दबोच लिया जाएगा।