घर के बाहर लड़कों के बैठने का विरोध करने पर पड़ोसियों में एक-दूसरे पर पथराव और फायरिंग कर दी। दोनों पक्षों की ओर से लाइसेंसी और अवैध हथियारों से कई राउंड फॉयरिंग की गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के एक दर्जन नामजद और अज्ञात हमलावारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर नौ लोगों को जेल भेज दिया।
नगर के नई बस्ती चौधरीवाडा में बंसल सिनेमा के पीछे महराज अंसारी, रशीद कुरैशी के मकान आमने-सामने है। मकान के सामने मोहल्ले के लड़के बैठे हुए थे। रशीद ने महराज के मकान के सामने लड़कों के बैठने का विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।
लोगों ने दोनों पक्षों में बीच बचाव करा दिया। रात में करीब 11.30 बजे रशीद पक्ष के लोगों ने अवैध हथियार, लाठी डंडों से लैस होकर महराज के घर पर हमला बोल दिया। बचाव में महराज पक्ष के लोगों ने भी रशीद पक्षों के लोगों पर पथराव कर दिया।
दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे पर जमकर पथराव और फॉयरिंग की गई। पथराव में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के नौ लोगों को हिरासत में ले लिया। कोतवाल जितेंद्र कुमार ने बताया कि एक पक्ष के महराज, महबूब, अरशद, आलू, अलतमीज, अब्दुल सलाम व दूसरे पक्ष के शफीक,अकरम , फुरकान , रशीद , सुफियान , राशिद समेत अज्ञात हमलावारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।