दो हफ्ते पहले किशोरी से गैंगरेप के मामले में पुलिस ने एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस वारदात में शामिल तीन नामजद समेत पांच आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
क्षेत्र के एक गांव की 17 वर्षीय लड़की नौ नवंबर को घर से दवा लेने बाजार गई थी। 15 नवंबर को परिजनों ने नगेंद्र, अजय पुत्र श्रीपाल, श्रीपाल, अंशू पुत्र पप्पू निवासी चांदपुर बुलंदशहर को नामजद करते हुए नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
शनिवार शाम पुलिस ने किशोरी को गांव चंदियाना में बस स्टॉप से बरामद किया। पूछताछ में मामला गैंगरेप का निकला। लड़की के अनुसार, बुलंदशहर सिटी के चांदपुर निवासी अंशू पुत्र पप्पू उर्फ राजकिशोर उसे गांव से बहला-फुसलाकर गाजियाबाद एक कमरे में ले गया। वहां अजय, नगेंद्र पुत्रगण श्रीपाल तथा उसके दो अन्य साथी पहले ही मौजूद थे। आरोप है कि चारों ने नाबालिग के साथ रेप किया।
जैसे-तैसे कर नाबालिग उनके चंगुल से बचकर आई है। पुलिस ने नगेंद्र पुत्र श्रीपाल को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है जबकि पांच आरोपी भागे हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। इस मामले में बुगरासी चौकी इंचार्ज महिपाल सिंह ने कहा कि किशोरी के मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान कराए गए थे।