नगर कोतवाली क्षेत्र की एक कॉलोनी में एक महिला और पुरुष ने दिनदहाड़े वृद्धा को बंधक बनाकर जेवरात-नकदी लूट ली। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। पुलिस ने वृद्धा के पुत्र की तहरीर पर जांच शुरू कर दी है।
वृद्धा के पुत्र संजीव कुमार पुत्र स्व. जगपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका बंबे की पटरी के पास उसका घर है। 25 मार्च को घर पर वृद्ध मां अकेली थी। परिवार के अन्य सदस्य किसी आवश्यक काम से बाहर गए थे। वृद्ध मां घर पर काम कर रही थीं।
तभी एक महिला और एक पुरुष घर में घुसे। उन्होंने वृद्धा के ऊपर कपड़ा धककर उन्हें एक कमरे में बंधक बना लिया। आरोपियों के साथ आए अन्य बदमाशों ने ने घर से सेफ में रखे छह तोले सोने के जेवरात, 250 ग्राम चांदी के जेवरात व 38 हजार रुपये की नकदी लूटकर भाग गए।
पड़ोसी ने फोन द्वारा पुलिस और परिजनों को सूचना दी। एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तमंचे के बल पर जेवर लूटे
नरसेना थाना क्षेत्र में रिश्तेदारी से लौट रहे बाइक सवार दंपति से तमंचे के बल पर नकदी-जेवरात लूट लिए। विरोध करने पर बदमाश गोली मारने की धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
खंदोई निवासी ओमवीर पुत्र इकबाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 23 मार्च की शाम वह औरंगाबाद में रहने वाली अपनी बहन की ससुराल से पत्नी के साथ बाइक द्वारा लौट रहा था। ऊंचागांव से खंदोई के रास्ते पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया।
बदमाशों ने तमंचे के बल पर आतंकित करके सोने का पैंडल, कानों के कुंडल, अंगूठी, एक चांदी की सैंपल, 700 रुपये, एक मोबाइल और एक साड़ी लूट ली। पीड़ित ने राहगीर की मदद से पुलिस को सूचना दी।
घर में घुसकर की लूटपाट
घर में घुसकर नकदी, जेवर लूटने के मामले में पुलिस ने चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। नगर के गुलावठी रोड राधिका गार्डन के पास स्थित कालोनी निवासी रूपचंद पुत्र नेपाल सिंह ने पुलिस में तहरीर देते हुए बताया था। शुक्रवार की रात्रि करीब 9 बजे चार हथियारबंद बदमाश उसके घर में घुस आए।
आतंकित करते हुए घर में रखी 16 हजार की नकदी, जेवरात लूट लिए। कोतवाल जितेंद्र कुमार ने बताया कि रूपचंद की तहरीर चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।