पहासू में सांप्रदायिक बवाल मचाने वाले भड़काऊ वीडियो को वायरल करने वाले मुख्य आरोपी रिहान को जेल भेजने के बाद पुलिस ने वीडियो शूट करने वाले सद्दाम को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, एक वीडियो रिहान ने अपने मोबाइल से बनाई थी जबकि दूसरी वीडियो सद्दाम ने अपने मोबाइल से बनाई थी।
पुलिस ने सद्दाम के पास से उसका मोबाइल भी बरामद कर लिया है। सद्दाम के मोबाइल से कई भड़काऊ वीडियो मिले हैं। वहीं रिहान का मोबइल अभी तक बरामद नहीं हो सका है। पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता करते हुए एसपी देहात जगदीश शर्मा ने बताया कि 25 फरवरी 2017 की दोपहर पहासू के कस्बा में पठानटोला निवासी रिहान पुत्र इब्बन ने विशेष धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक बयानबाजी करते हुए वीडियो वायरल किया था।
रिहान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर 28 फरवरी की दोपहर बुलंदशहर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस रिहान का वीडियो बनाने वाले पहासू निवासी सद्दाम पुत्र शाहिद को तलाश कर रही थी। एसपी देहात ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह सद्दाम के बुलंदशहर आने की सूचना मिली।
सूचना को पुख्ता कर सुबह करीब 11 बजे टीम ने भूड़ चौराहे से सद्दाम को गिरफ्तार कर लिया। सद्दाम न्यायालय में सरेंडर करने की फिराक में था। वह आंध्र प्रदेश के नदियाल से बुलंदशहर आया था। पुलिस ने सद्दाम के पास से मोबाइल भी बरामद कर लिया है।
पूछताछ में सद्दाम ने पुलिस को बताया कि 14 से 15 फरवरी के बीच दोनों वीडियो शूट किए थे। पहला वीडियो रिहान ने अपने मोबाइल से शूट कराया था जबकि दूसरा वीडियो सद्दाम ने अपने मोबाइल से शूट किया था। पुलिस ने सद्दाम को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने सद्दाम को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
अफसर करते रहे इंतजार, जेल गया वीडियो बनाने का आरोपी
भड़काऊ वीडियो वायरल करने के मुख्य आरोपी रिहान को गुपचुप तरीके से जेल भेजने के मामले में पहले से फजीहत झेल रहे अधिकारियों ने बृहस्पतिवार दोपहर में भी प्रेस वार्ता से पहले ही दूसरे आरोपी सद्दाम को जेल भेज दिया।
मीडिया ने मुद्दा उठाया तो एसपी देहात ने एसओ पहासू पर इस लापरवाही का ठीकरा फोड़ दिया। उसे फोन पर फटकार लगाई और खेद जताकर मामला शांत कराने का प्रयास किया। एसएसपी के आदेश पर एसपी देहात जगदीश शर्मा ने प्रेस वार्ता बुलाई। एसपी देहात पुलिस लाइन में बैठकर आरोपी के आने का इंतजार करने लगे।
देर होने पर पता चला कि एसओ पहासू कौशलेंद्र यादव ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। एसपी देहात ने बताया कि एसओ पहासू से आरोपी को पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता में लाने के लिए कहा गया था। लेकिन किसी कारणवश गलतफहमी होने पर उन्होंने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। मीडिया को प्रेस नोट जारी कर जानकारी दी गई।
पांच नहीं छह लोगों का है ग्रुप
एसपी देहात जगदीश शर्मा ने बताया कि सद्दाम और उसका भाई नावेद पानीपत से कंबल, दरी, बैडशीट लाकर आंध्र प्रदेश के गांवों में बिकवाते थे। इसके लिए दोनों ने रिहान, शकील, रिजवान और फिरोज को अपने साथ रख रखा था। एसपी देहात ने बताया कि पहले पांच आरोपी थे, अब सद्दाम से पूछताछ के बाद छठवें आरोपी शकील का नाम भी सामने आ गया है। टीम भागे हुए सभी आरोपियों को पकड़ने में जुटी है।
रिहान का मोबाइल खोलेगा कई राज
एसपी देहात ने बताया कि अभी रिहान का मोबाइल बरामद नहीं हुआ है। रिहान ने अपने बयान में बताया था कि सद्दाम ने ही अपने मोबाइल से दोनों वीडियो बनाए थे। वहीं सद्दाम ने कहा कि उसने सिर्फ एक वीडियो अपने मोबाइल से बनाया था। दोनों के बयानों को तस्दीक किया जा रहा है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि रिहान के मोबाइल में और भी वीडियो हो सकती हैं।