बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में मनचले से परेशान एक छात्रा ने छत से कूदकर खुदकुशी करने की कोशिश की। परिजनों ने छात्रा को किसी तरह समझाकर शांत किया। पुलिस ने घटना की जानकारी से इनकार किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, हरि एंकलेव निवासी किशोरी एक निजी पब्लिक स्कूल में 11वीं की छात्रा है। छात्रा को उसकी रिश्तेदारी का एक युवक कई दिनों से परेशान कर रहा है। तीन दिन पहले युवक ने छात्रा को स्कूल से लौटाने के दौरान रास्ता रोककर अभद्रता की।
बताते हैं कि छात्रा ने जब अपने परिजनों से शिकायत की तो उन्होंने उसे ही उल्टा डांट दिया। इसी बात से क्षुब्ध होकर शुक्रवार रात छात्रा ने घर की छत से कूदकर खुदकुशी करने की कोशिश की। पड़ोसियों ने उसे देखकर शोर मचा दिया। परिजनों ने किसी तरह छात्रा को समझाकर मामला शांत कराया। नगर कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।