व्यापारी नेता सुनील तायल की मौत के बाद से परिजनों को सांत्वना देने के लिए उनके घर पर नेताओं और नगर के गणमान्य लोगों का तांता लगा हुआ है। विधायक विमला सोलंकी, और भाजपा जिलाध्यक्ष हिमांशु मित्तल हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर व्यापारियों , समर्थकों के साथ हाईवे पर धरने पर बैठ गए।
सीओ सिकंदराबाद चौधरी यशवीर के जल्द ही हत्यारों के गिरफ्तार किए जाने के आश्वासन के बाद करीब 20 मिनट बाद विधायक और जिलाध्यक्ष ने धरना समाप्त कर दिया। उनके अलावा विधायक गुड्डू पंडित,भाजपा युवजन सभा के जिलाध्यक्ष लक्ष्मीराज, भाजपा किसान मोर्चा के पश्चिमी प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र खटाना, डाक्टर प्रदीप दीक्षित, एडवोकेट सतीश गडाना, गीता गोयल, भाजपा नगर अध्यक्ष पिंकी वोहरा, देवेंद्र सोलंकी भी सांत्वना देने पहुंचे।
हाईवे पर लगा जाम
शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने के लिए पहुंच रहे नेताओं, नगर के गणमान्य लोगों के पहुंचने से हाईवे-91 पर कई बाद जाम के हालात उत्पन्न हुए। व्यवस्था में लगे पुलिस कर्मियों को ट्रैफिक को सुचारु रखने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
स्याना के व्यापारियों में गुस्सा
सिकंदराबाद में व्यापारी नेता सुनील तायल व औरंगाबाद के व्यापारी अतर सिंह सैनी की हत्या के विरोध में स्याना के व्यापारियों में रोष है। व्यापारियों ने शनिवार को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन एसडीएम हिमांशु कुमार को सौंपते हुए जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की है।
इस मौके पर उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष राजेश चौहान, हरिओम वर्मा, रतनलाल अग्रवाल, वैभव रस्तौगी, हिमांशु जिंदल, सचिन तोमर आदि मौजूद रहे।