जीजा-साले के झगड़े में बीच-बचाव करने आए पड़ोसी को जीजा और उसके परिजनों ने चाकू घोंप दिया। गंभीर हालत में पड़ोसी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी बृहस्पतिवार को मौत हो गई। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। घटना मंगलवार शाम की है।
बसीबांगर गांव में रमेश पुत्र पूरन अपने भाई दीपक के साथ रहते हैं। पड़ोस में रमेश का साला रोहताश भी रहता है। बीते मंगलवार शाम रमेश का रोहताश से किसी बात पर झगड़ा हो गया था। इसी दौरान पड़ोसी संजय (26) पुत्र शेरपाल सिंह बीच-बचाव करने गया।
इस बात से गुस्साए रमेश पक्ष के लोगाें ने संजय से मारपीटकर उसके पेट में चाकू घाेंप दिया था। संजय को एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां बृहस्पतिवार को उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने मारपीट की धारा में बुधवार को रमेश और दीपक का चालान कर दिया था।
शेरपाल का इकलौता बेटा था संजय
शेरपाल की पांच बेटियां हैं, जबकि संजय इकलौता पुत्र था। तीन बेटियों की शादी हो चुकी है। संजय से छोटी दो बेटी अभी पिता के साथ ही रहती हैं। संजय पर ही दोनों बहनों की शादी की जिम्मेदारी थी। मजदूरी करने वाले शेरपाल के समक्ष परिवार के भरण-पोषण की समस्या पैदा हो गई है।
बहन हुई कई बार बेहोश
इकलौते भाई की मौत की सूचना से पूरे घर में कोहराम मच गया। जिस अस्पताल में संजय का इलाज चल रहा था वह चौकी से लगभग 300 मीटर की दूरी पर है। संजय की मौत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया था। परिजनों का चौकी में रो-रोकर बुरा हाल था। एकलौते भाई के गम में बड़ी बहन बेबी बार-बार बेहोश हो रही थी।
आखिर पुलिस ने क्यों नहीं लगाई धारा 307
संजय के पेट में चाकू घोंपने के बाद पुलिस ने धारा 323 व 324 में एफआईआर दर्ज कर ली। इसी आधार पर रमेश तथा दीपक का चालान किया था। संजय की मौत के बाद रिपोर्ट में धारा 307 नहीं होने पर परिजन और ग्रामीणों में गुस्सा है।
ग्रामीणाें ने चौकी के सामने जाम लगाने की असफल कोशिश की तो चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र गौतम ने केस में धारा 302 जोड़ने के आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया।
दो आरोपी अभी हैं फरार
संजय की मौत के बाद पुलिस ने शेरपाल से फिर तहरीर ली है। तहरीर में रमेश, दीपक सहित रमेश के भाई सुंदर तथा मां कौशल्या को नामजद कराया गया है। पुलिस ने रमेश तथा दीपक का पहले ही चालान कर दिया था।
अब पुलिस कौशल्या तथा सुंदर को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है। चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र गौतम ने बताया रमेश और दीपक पर 302 लगाने की सूचना भी न्यायालय को दी गई है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। केस में धारा 302 को बढ़ाने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। दो और आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
धर्मेंद्र गौतम-चौकी प्रभारी बुगरासी