नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला साठा में एक युवक की अवैध संबंध के शक में पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के वक्त युवक पिता के साथ जागरण में जा रहा था। पुलिस ने आरोपी ठेकेदार को हत्या में प्रयुक्त रिवॉल्वर सहित गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मोहल्ला साठा की गड़रियों वाली गली निवासी वीर सिंह पुत्र तुलसी दास ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बेटे अभिलाष (22) का मोहल्ले में रहने वाली एक महिला के घर आना-जाना था।
महिला के परिवार का विनोद पीडब्ल्यूडी में ठेकेदार है। विनोद को शक था कि अभिलाष के उसके परिवार की एक महिला से अवैध संबंध हैं। वीर सिंह ने बताया कि रविवार रात 10 बजे वह बेटे अभिलाष के साथ जागरण देखने जा रहा था। तभी रास्ते में विनोद ठेकेदार मिल गया। विनोद ने लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर अभिलाष पर फायरिंग कर दी।
एक गोली अभिलाष के पेट में लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग घरों से बाहर निकल आए। आनन-फानन में परिजन घायल अभिलाष को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से उसे दिल्ली रेफर कर दिया, लेकिन अभिलाष ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी ठेकेदार विनोद को लाइसेंसी रिवॉल्वर समेत गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि वीर सिंह की तहरीर पर विनोद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। प्रथम दृष्टया अवैध संबंधों के शक में हत्या का मामला माना जा रहा है।