कोतवाली क्षेत्र के दुलाखेड़ा उर्फ दुलखरा गांव में दहेज लोभियों ने रविवार तड़के विवाहिता को जलाकर मार डाला। घटना के बाद ससुराल वाले शव लेकर भाग गए। बाद में पुलिस के दबाव के चलते शव जिला अस्पताल के मोर्चरी हाउस में छोड़कर भाग गए। एसपी देहात और सीओ ने घटनास्थल का दौरा किया। वहीं, मृतका के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
नरसैना क्षेत्र के नित्यानंदपुर नंगली गांव निवासी तेजपाल ने बताया कि अपने भाई भरत सिंह की पुत्री निशु की शादी उन्होंने 15 माह पूर्व आहार क्षेत्र के गांव दुलखेड़ा उर्फ दुलखरा निवासी रामप्रकाश उर्फ भोला के साथ की थी। शादी के बाद ससुराल वाले निशु को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे।
इस बारे में निशु ने उन्हें अवगत करवाया और ससुराल वालों को समझाने का भी प्रयास किया गया। मगर निशु के साथ आए दिन मारपीट का सिलसिला जारी रहा। काफी दिनों से ससुराल वाले दहेज में एक लाख रुपये देने की मांग को लेकर निशु को प्रताड़ित कर रहे थे। रविवार तड़के ससुराल वालों ने निशु के साथ मारपीट की और केरोसिन डालकर उसे जला दिया।
किसी ने घटना की सूचना फोन से उन्हें दी। उनके पहुंचने से पहले ही ससुराल वाले शव को उपचार के बहाने लेकर भाग गए। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसपी देहात पंकज कुमार पांडेय और सीओ यशवीर सिंह ने घटनास्थल का दौरा किया।
ससुराल वालों द्वारा शव को लेकर भागने की सूचना पर पुलिस ने जब खोजबीन तेज की तो आरोपी शव को मोर्चरी हाउस में छोड़कर भाग गए। निशु के चाचा तेजपाल ने थाना अहार में पति रामप्रकाश उर्फ भोला, ससुर रामेश्वर, सास मंजू, ननद बल्लो और बिंदु के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ यशवीर ने बताया कि हत्यारोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।