कस्बा स्थित बाबा कॉलोनी में विद्युत चेकिंग करने गए जेई और उनकी टीम के साथ एक युवक ने हाथापाई और अभद्रता की। जेई ने आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दी है। उधर चेकिंग के दौरान विद्युत चोरी करते पाए जाने पर 21 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जहांगीरपुर कस्बे में जेई महेंद्र पाल शर्मा और राजीव कौशिक के नेतत्व में विद्युत निगम की टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बाबा कॉलोनी में चेकिंग का विरोध करते हुए एक युवक ने जेई के साथ हाथापाई करनी शुरू कर दी और गाली गलौच की। कॉलोनी के अन्य लोगों के पहुंचने पर विद्युत निगम की टीम वहां से चली गई।
जेई की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। विद्युत चेकिंग के दौरान कस्बे के चंद्रपाल, मुरली, शिव कुमार, देवी, हरिओम, कंछी, महेंद्र सिंह, सावित्री देवी, हेमराज, चेतराम, भूपसिंह, धर्मवीर, दयाराज रेखा, मानसिंह, डॉ. बंगाली, रनवीर समेत 21 लोग बिजली चोरी करते पकड़े गए। जेई की तहरीर पर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।