सिकंदराबाद कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद लूटपाट करने वाले अंतराज्यीय गैंग के सरगना को दबोचा है जबकि उसके तीन साथी भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने आरोपी के पास से लूट के जेवरात, बाइक और असलाह बरामद किया है।
एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि रविवार सुबह सिकंदराबाद पुलिस को एक लग्जरी कार में बदमाशों के भागने की सूचना मिली। गोरखी तिराहे पर पुलिस ने एक संदिग्ध लग्जरी कार को रुकने का इशारा किया तो कार सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
इसके बाद पुलिस ने घेरकर एक आरोपी को दबोच लिया। उसकी पहचान इरशाद पुत्र अब्दुल रहीम निवासी मोहल्ला गोरखी थाना सिकंदराबाद के रूप में की गई है जबकि शाहनवाज पुत्र इकराम निवासी सिकंदराबाद, इकराम हेजा पुत्र अब्दुल निवासी कसाईबाड़ा बुलंदशहर और सलमान पुत्र हनीफ निवासी गद्दीबाड़ा सिकंदराबाद भागने में कामयाब हो गए।
आरोपी की निशानदेही पर चोरी की बाइक, पिस्टल,रिवॉल्वर, तमंचा डबल बैरल, तमंचा 315 बोर, लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। इरशाद के गिरोह ने दिल्ली, कानपुर, गौतमबुद्धनगर, बिलासपुर, महाराष्ट्र आदि में लूट व चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।