भाइयों के साथ पति से सुलह करने ससुराल पहुंची विवाहिता ने पति को कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके चलते पति को खून की उल्टियां शुरू हो गईं। परिजनों ने युवक को नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
युवक के मामा की तहरीर पर पुलिस ने पत्नी सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दाऊदपुर निवासी गोपाल ने बताया कि ककोड़ देहात के अलीपुरा गांव निवासी उसके भांजे भीम उर्फ भूपेंद्र पुत्र स्वर्गीय काली चरण की शादी पांच वर्ष पूर्व रबूपुरा के रामपुर निवासी रजनी पुत्री भरतपाल के साथ हुई थी।
शादी के बाद से ही पति-पत्नी में अनबन रहने लगी थी। एक साल पहले रजनी अपने मायके लौट आई। रजनी के परिजनों ने भीम पर दहेज उत्पीड़न का केस कर दिया। गोपाल ने बताया कि रविवार सुबह रजनी अपने भाई धमेंद्र, राकेश व गांव के काला के साथ भीम से सुलह करने के लिए ससुराल आई थी।
घर पर भीम व उसकी मां थीं। गोपाल ने बताया कि चारों लोग बात करने के बहाने भीम को घर के बाहर ले गए। गोपाल ने बताया कि इस दौरान रजनी ने भीम को कोल्डड्रिंक जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दी।
फिर कार में सवार होकर भाइयों के साथ भाग गई। कोल्ड ड्रिंक पीने से भीम को खून की उल्टियां होने लगी। परिजनों ने आनन-फानन में भीम को नोएडा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
गोपाल की तहरीर पर पुलिस ने रजनी उसके भाइयों, कलवा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी है।