मीरपुर निवासी दिलशाद को अवैध संबंधों के चलते नशीली चाय पिलाकर गला रेत गया था। यह खुलासा गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों ने की है।
शुक्रवार को एसपी देहात ने प्रेस कांफ्रेंस कर मामले का खुलासा कर दिया। हत्या के पीछे दिलशाद का रुबीना नामक महिला से अवैध संबध होना बताया जा रहा है। पुलिस ने चारों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
एसपी देहात पंकज पांडेय ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि 15 जनवरी से लापता मीरपुर निवासी दिलशाद की हत्या के पीछे रुबीना नामक महिला से अवैध संबध था।
रुबीना का तलाक हो गया है। दिलशाद ने ही रुबीना को तलाक दिलाने में मदद की थी। इसके बाद से दोनों में नजदीकियां बढ़ गई थी।
बेरोकटोक घर में आने जाने से नाराज थे आरोपी
पुलिस ने बताया कि कभी भी रुबीना के घर में आने-जाने से आरोपी कई बार दिलशाद को समझा चुके थे। दिलशाद की इन हरकतों से रुबीना, उसके भाई आसिफ, आरिफ, आबिद और पिता रशीद खां भी परेशान थे। थक हारकर उन्होंने इस हत्या की साजिश रची।
चाय पिलाकर मार डाला
तीनों भाइयों ने पिता के साथ 15 जनवरी की रात करीब 10 बजे दिलशाद को कमरे में ले जाकर बातचीत के दौरान नशीली चाय पिला दी। जब दिलशाद बेहोश हो गया तो आरोपियों ने धारदार हथियार से उसका गला रेत डाला।
फिर शव को बोरे में बांधकर कार से रफीक नामक युवक की मदद से शव को पहासू के पास नहर में फेंक दिया। पुलिस ने शुक्रवार को हत्याकांड का खुलासा कर चारों आरोपियों को धारा 147, 302 के तहत गिरफ्तार कर लिया।
हालांकि काफी प्रयास के बाद भी पुलिस को अब तक दिलशाद की लाश नहीं मिली है।