प्लॉट के विवाद में शिक्षक और शिक्षक का पक्ष बताने आए एक पुलिस मित्र को कोतवाल ने हवालात में डाल दिया। बाद में चौकी इंचार्ज के कहने पर पुलिस मित्र को छोड़ दिया गया और शिक्षक का शांतिभंग में चालान कर दिया गया । पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी ने कोतवाल को फटकार लगाई।
राधानगर निवासी दिनेश कुमार पुत्र रामपाल सिंह ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह प्राइमरी स्कूल में शिक्षक हैं। उन्होंने मोहनकुटी में कुछ संपत्ति खरीदी है। उस प्रॉपर्टी में कुछ हिस्से पर एक व्यक्ति अपना अधिकार जमाता है। जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
बुधवार दोपहर उस व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस घर पहुंची और शिक्षक को कोतवाली ले आई। कोतवाली में बैठे नगर कोतवाल ने उनकी एक न सुनी और हवालात में डाल दिया। सूचना पर दिनेश के परिचित व पुलिस मित्र अशोक कुमार शर्मा कोतवाली पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने कोतवाल को पूरा मामला समझाने की कोशिश की तो कोतवाल भड़क उठे।
उन्होंने अशोक कुमार को भी हवालात में डलवा दिया। खुर्जा गेट चौकी प्रभारी के कहने पर अशोक कुमार को छोड़ दिया गया जबकि दिनेश कुमार का शांतिभंग में चालान कर दिया। बृहस्पतिवार दोपहर दोनों शिकायत लेकर एसएसपी के पास पहुंचे।
एसएसपी ने कोतवाल को तलब करते हुए जमकर फटकार लगाई। एसएसपी ने पीड़ितों को जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।