पोस्टमार्टम हाउस पर कन्हैया के परिजनों से पूछताछ करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : ब्यूरो
गैस एजेंसी के कर्मचारी की हत्या कर शव पौंडरी गांव के समाधि पार्क में पेड़ से लटका दिया गया । हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। परिजनों ने भी किसी से रंजिश होने से इनकार किया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
मूलरूप से भूतगढ़ी थाना पिसावा जिला अलीगढ़ निवासी कन्हैया लाल (45) पुत्र मोतीलाल पिछले काफी साल से पौंडरी गांव अपनी ननिहाल में परिवार सहित रह रहा था। कन्हैया कालाआम स्थित धर्म गैस एजेंसी पर नौकरी करता था।
परिजनों ने बताया कि वह एजेंसी से कभी-कभी बुलंदशहर में ही रुक जाते थे। इसके चलते परिवार के लोग चिंता नहीं करते थे। बुधवार रात करीब आठ बजे कन्हैया लाल एजेंसी से घर के लिए साइकिल पर निकला, लेकिन घर नहीं पहुंचा।
बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे गांव के सतीश और ईश्वर दयाल ने शहीद किरनपाल राठी की समाधि पार्क में पेड़ पर लटका कन्हैया का शव देखा। उन्होंने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव को नीचे उतरवाया।
शव प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका हुआ था। कन्हैया की साइकिल थोड़ी दूरी पर पड़ी थी। कपड़ों पर मिट्टी लगी हुई थी। कुछ दूरी पर पॉलिथिन में सब्जी भी बिखरी पड़ी थी। कन्हैया के पुत्र अमर कुमार ने बताया कि वह तीन भाई और एक बहन है।
बहन रीना की हाल ही में हापुड़ में शादी की है। अमर ने बताया कि उनके परिवार की किसी से कोई रंजिश नहीं है। एसपी सिटी राममोहन सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।