रामलीला मेले में परिवार के साथ गई चार साल की एक बच्ची को अगवा कर युवक ने उसके साथ रेप किया। बच्ची लहूलुहान और बेहोशी की हालत में रामलीला ग्राउंड में मिली। आनन-फानन परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां से उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। बच्ची के बाबा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार शाम को कस्बा के एक मोहल्ला निवासी चार साल की बच्ची अपने परिवार के साथ रामलीला मेला देखने गई थी। कस्बे का ही एक युवक बहला-फुसला कर बच्ची को अपने साथ ले गया। उसने मासूम के साथ रेप किया और जख्मी हालत में छोड़कर भाग निकला। कुछ देर बाद परिजनों ने बेटी गायब देखा तो उन्होंने उसे तलाशना शुरू किया।
काफी तलाश करने के बाद देर रात रामलीला ग्राउंड में बच्ची बेहोशी की हालत में मिली। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां से उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
होश आने पर बच्ची ने परिजनों को अपने साथ हुई दरिंदगी के बारे में बताया।
एसओ छतारी थाना श्यामप्रताप पटेल ने बताया कि बच्ची के बाबा की तहरीर पर एक आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी विशाल पुत्र पूरन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
प्रधान की पत्नी से रेप की कोशिश शिकायत पर हमला
एक गांव के प्रधान की पत्नी से गांव के दो लोगों ने रेप करने की कोशिश की। इस पर प्रधान अपने समर्थकों के साथ ककोड़ थाने पहुंचा और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इससे गुस्साए आरोपियों ने सुबह प्रधान दंपति पर जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में प्रधान दंपति घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने रेप की कोशिश की रिपोर्ट दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया है। क्षेत्र के एक गांव में डैनी और मोनू ने मंगलवार शाम प्रधान की पत्नी के साथ रेप करने की कोशिश की।
इस पर कार्रवाई की मांग को लकेर प्रधान ने रात में ही समर्थकों के साथ थाने पर प्रदर्शन किया। पुलिस ने भी रिपोर्ट दर्ज कर ली। प्रधान का आरोप है कि इससे आक्रोशित आरोपियों ने बुधवार सुबह लाठी-डंडों और धारदार हथियार से लैस होकर उन पर व उनकी पत्नी पर हमला कर दिया।
एसओ का कहना है कि रेप के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। तहरीर के आधार पर हमले की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।