गरीबाें के राशन में अब गड़बड़झाले करने वालों पर सीधी एफआईआर होगी। यह आदेश डीएम ने जारी किए हैं। इस पर डीएसओ ने भी निर्देश जारी कर चेतावनी दी है। उधर, मई माह में वितरण होने वाले राशन का गोदाम से उठान भी शुरू हो गया है। राशन का उठान अफसरों की मौजूदगी में हो रहा है।
डीएम आन्जनेय कुमार सिंह ने अप्रैल माह में राशन का गोदाम से उठान अफसरों की मौजूदगी में करवाया। दुकानों पर पहुंचे राशन की क्रास चेकिंग हुई और इसमें 27 दुकानों पर राशन कम पाया गया।
विभाग ने तीन दुकानदारों पर एफआईआर की कार्रवाई की जबकि इन दुकानों को निलंबित भी कर दिया था। लेकिन शिकायतों का सिलसिला जारी रहा। इस पर अब डीएम ने कड़ा निर्णय लिया है कि अब मई माह में राशन के वितरण में गड़बड़झाला मिलता है तो संबंधित दुकानदार पर एफआईआर दर्ज होगी।
डीएसओ केबी सिंह ने बताया कि डीएम के आदेश पर सभी दुकानदारों को निर्देश जारी कर दिए हैं। राशन का वितरण अप्रैल माह की ही तर्ज पर होगा।