खुशहालपुर मार्ग पर सोमवार को करीब डेढ़ बजे एक फाइनेंस कंपनी के फील्ड अफसर से बाइकर्स गैंग ने तमंचों के बल पर 60 हजार रुपयों से भरा बैग लूट लिया।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ चंद्रधर गौड़ एवं थानाध्यक्ष बृमेश कुमार यादव मौके पर पहुंचे, परंतु बदमाशों का कोई पता नहीं लगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुलावठी स्थित एकेएस माइक्रो फाइनेंस कंपनी के फील्ड अफसर जितेंद्र कुमार निवासी जगनेर आगरा क्षेत्र के हांव चंद्रपुरा, महमदाबाद, खुशहालपुर से ऋण की रकम की वसूली कर बाइक से लौट रहे थे।
गुलावठी-खुशहालपुर मार्ग पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसकी बाइक को ओवरटेक कर उसे रोक लिया तथा उस पर तमंचे तानकर रुपये से भरा बैग तथा उसका मोबाइल लूट लिया।
जितेंद्र ने बताया कि बदमाश चेहरे पर नकाब लगाए हुए थे। इसके बाद उसने एक राहगीर के मोबाइल से 100 नम्बर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सीओ चंद्रधर गौड़ एवं थानाध्यक्ष बृमेश कुमार यादव घटनास्थल पर पहुंचे तथा क्षेत्र में कांबिंग की, परंतु बदमाश हाथ नहीं आए।
जितेंद्र ने थाने में घटना की तहरीर दी है। सीओ चंद्रधर गौड़ ने बताया कि घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है। लूट का शीघ्र खुलासा कर दिया जाएगा।