दोस्त से मजाक करने की कीमत एक 15 वर्षीय किशोर को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। दोस्त को घर से बुलाकर आरोपी ने पिता के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। किशोर के परिजनों ने बाप-बेटे को नामजद कराते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव गेसूपुर निवासी पुष्पेंद्र सिंह पुत्र धर्मवीर ने बताया कि उसका बेटा निखिल तेवतिया (15) गांव के ही महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में कक्षा 9 का छात्र था। कहा कि निखिल की उसके साथ पढ़ने वाले गांव के रोहित पुत्र बिशंबर से दोस्ती थी।
बुधवार की शाम रोहित निखिल को घर से बुलाकर ले गया था। देर शाम तक निखिल घर नहीं लौटा तो उन्होंने रोहित के घर जाकर उसके बारे में जानकारी करनी चाही लेकिन बाप-बेटे घर पर नहीं मिले। निखिल को तलाशने के दौरान एक ग्रामीण ने बताया कि उन्होंने रोहित व बिशंबर को सिर पर गठरी लेकर जंगल की ओर जाते देखा था।
निखिल को तलाशने के दौरान गांव के राजकुमार के खेत में उसका शव पड़ा मिला। कोतवाल जितेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर रोहित, बिशंबर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पुलिस ने रोहित को गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ के दौरान उसने बताया कि निखिल अक्सर उसके साथ मजाक करके उसे अपमानित करता था। इसी बात को लेकर उसने निखिल से बदला लेने की ठान ली और अपने पिता के साथ मिलकर घर बुलाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने निखिल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।