अगौता थाना क्षेत्र के सेगली गांव में शुक्रवार रात खेतों पर पानी लगाने गए एक किसान के सिर पर राड से प्रहार कर हत्या कर दी गई। उसका शव को सड़क किनारे फेंक दिया। शनिवार सुबह दौड़ लगाने गये युवकों ने शव पड़ा देख परिजनों को सूचना दी। हत्या की रंजिश बताई गई है। मृतक किसान अपने भाई-पिता की हत्या के मामले में पैरोकारी कर रहा था।
बता दें कि गांव सेगली निवासी स्वर्गीय बिजेन्द्र चौधरी का 35 वर्षीय पुत्र यशपाल चौधरी शुक्रवार की रात करीब साढ़े दस बजे खेतों पर पानी लगाने की बात कहकर घर से गया था। वहां खेतों पर अज्ञात बदमाशों ने पानी लगा रहे यशपाल से मोबाइल छीनकर उसके सिर पर लोहे की रोड से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
बदमाश उसके शव को सड़क किनारे फेंक कर मौके से फरार हो गये। शनिवार तड़के पांच बजे दौड़ लगाने जा रहे युवकों ने खून से लथपत यशपाल का शव पड़ा देख परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे। प्रधान की सूचना पर पुलिस भी पहुंची।
बताया जाता है कि मृतक अपने भाई - पिता की हत्या के मामले में पैरोकारी कर रहा था। पुलिस भी इसी रंजिश से जोड़कर यशपाल की हत्या मान रही है। मृतक के चाचा संपत चौधरी ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
चार घंटे लेट पहुंची अगौता पुलिस
ग्राम प्रधानपति तपन कुमार ने तड़के पांच बजे एसओ अगौता को फोन कर हत्या की सूचना दी थी। उसके बावजूद भी पुलिस आठ बजे तक मौके पर नहीं पहुंच सकी थी। ग्रामीणों के 100 नंबर पर सूचना देने के तुरंत बाद ही करीब नौ बजे पुलिस मौके पर पहुंची। इससे साफ है कि पुलिस हत्या के मामले में भी लापरवाही बरत रही है।
मोबाइल खोल सकता है हत्या का राज
गांव सेगली में हुई किसान यशपाल की हत्या का राज मोबाइल की कॉल डिटेल ही खोल सकती है। परिजनों के अनुसार यशपाल जैसे ही घर से खेतों के लिए निकल रहा था तो इतने ही उसके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल आते ही यशपाल घर से निकल पड़ा था। आशंका है कि शायद हत्यारों ने उसको फोन करके बुलाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस कॉल डिटेल निकलवाने में जुटी हुई है।