नगर के बाईपास स्थित प्राइवेट महिला डॉक्टर के घर सोमवार रात हथियारबंद आधा दर्जन बदमाश घुस गए। बदमाशों ने तमंचे के बल पर चिकित्सिका और उसकी सेविका को बंधक बना लिया। बदमाशों ने घर में रखे दो लाख की नगदी और लगभग 10 लाख रुपये के आभूषण लूटकर भाग गए। सूचना मिलने के दो घंटे बाद एसओ मौके पर पहुंचे।
उसके बाद सीओ और एसएसपी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार शाम साढ़े सात बजे डॉ. बबीता पत्नी डॉ. शीशपाल अपने घर में 15 वर्षीय सेविका मोनी के साथ घर में थीं। रात में किसी समय बदमाश उनके घर घुस गए। बदमाशों ने चिकित्सिका को गन प्वाइंट पर लेकर बंधक बना लिया। साथ ही मोबाइल छीनकर उसके मुंह पर टेप लगा दी।
सेफ की चाबियां लेकर उसमें रखे 2.10 लाख रुपये की नगदी और दस लाख रुपये के सोने के जेवरात जिनमें 11 जौड़ी कुंडल, चार चूड़ियां, तीन मंगलसूत्र, तीन चेन, दस अंगूठी व चांदी के आभूषण निकाल लिए। दूसरा मोबाइल न होने की बात पर लुटेरों ने डॉ. की तमंचों की बटों से बुरी तरह पीटा। साथ ही गला दबाकर हत्या करने की कोशिश भी की।
चिकित्सिका ने जान का खतरा देख दूसरा मोबाइल भी बता दिया। बदमाशों ने दोनों को कमरों में बंद कर दिया। बदमाश आंगन में खड़ी बाइक को भी साथ ले गए। स्टार्ट ना होने पर उसे तालाब के किनारे छोड़ गए। डॉ. ने कमरे का दरवाजा तोड़कर पड़ोसी के मोबाइल से पुलिस व परिजनों को घटना की सूचना दी।
जिस पर थानाध्यक्ष जनक सिंह चौहान व सीओ स्याना चितरंजन चौहान एसपी सिटी मान सिंह एसएसपी सोनिया सिंह भी मौके पर पहुंचे। वहीं फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी।