महज 1500 रुपये की उधारी चुकाने से बचने के लिए देवराज की हत्या की गई थी। हत्यारोपी ने उसके घर म कूदकर सरिए से देवराज के सिर पर प्रहार करके उसकी हत्या की थी। पुलिस ने देवराज हत्याकांड का खुलासा कर दिया है।
शुक्रवार को पुलिस ऑफिस में हुई प्रेस कांफ्रेंस में एसपी सिटी मान सिंह चौहान और सीओ सिटी डॉ. धर्मेंद्र कुमार यादव ने बताया कि कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव जसनावली निवासी देवराज (65) की चार नवंबर की रात हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में पता चला कि गांव के ही सतीश का कुछ दिन पहले देवराज से विवाद हुआ था।
विज्ञापन
पुलिस ने सतीश को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो गया। एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी सतीश पर देवराज के 1500 रुपये उधार थे। उधार रुपयों का तकादा करने पर सतीश और देवराज के बीच विवाद हुआ था।
सतीश ने घटना वाली रात अपने इंजन की सपोर्ट में लगे सरिए को निकाला और देवराज के घर में कूदकर उसके सिर पर प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी सतीश की निशानदेही पर सरिया बरामद कर लिया गया है। हत्यारोपी का चालान कर उसे जेल भेज दिया गया है।