सलेमपुर थाना क्षेत्र के चिटटा गांव में 15 दिन से लापता युवक की हत्या कर बदमाशों ने शव को कुएं में फेंक दिया। बदबू आने पर राहगीरों ने कुएं में झांककर देखा तो घटना की जानकारी हुई। शव को बाहर निकालने पर युवक की पहचान चिट्टा निवासी के रूप में की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार छह वर्ष पूर्व नरौरा थाना क्षेत्र के चौडेरा गांव निवासी दीपक पिता चंद्रपाल के साथ अपने बहनोई चिट्टा गांव निवासी देवेंद्र के यहां रहने लगे थे। पिता की मौत के बाद दीपक ने चिट्टा गांव में ही बहन सीमा के घर के सामने मकान बनवाकर रहने लगा।
वह मेहनत मजदूरी कर अपना पेट पालता था। मंगलवार की शाम राहगीरों ने जंगल स्थित बिना दरवाजे के नलकूप से बदबू आने की शिकायत की। ग्रामीणों ने टॉर्च की रोशनी में देखा तो नलकूप में एक लाश तैर रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस की मदद से ग्रामीणों ने शव को बाहर निकाला।
सीओ विजय प्रकाश ने बताया कि शव की पहचान चिट्टा गांव निवासी दीपक उर्फ दीपू पुत्र चंद्रपाल के रूप में की गई है। दीपक 15 दिन से गायब था। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। फिर भी शव का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।