जिस बेटी को नाजों से पाला उसी ने जब पिता को पहचाने से इनकार कर दिया तो पिता का कलेजा चाक हो गया। यह बात उस शख्स को इतना दर्द दे गई कि उसने जहर निगल कर दुनिया को अलविदा कह दिया।
दरअसल कोतवाली देहात क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक विवाहिता अपने प्रेमी संग भाग गई। प्रेमी के साथ खानपुर क्षेत्र में रह रही बेटी से मिलने जब पिता गया तो बेटी ने उसे पहचानने से ही इनकार कर दिया। बेटी के बर्ताव, समाज में आए दिन हो रही बदनामी और पुलिस कार्रवाई के डर के चलते पिता ने जहर खाकर जान दे दी।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार औरंगाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक कोल्डड्रिंक सप्लाई करता था।
इसी दौरान वह कोतवाली देहात क्षेत्र के कई गांवों में भी जाता था।
एक गांव निवासी विवाहिता को उसने प्रेम जाल में फंसा लिया। कुछ माह गुजरने के बाद युवती पहले पति को छोड़कर मायके में आ गई। तलाक होने के बाद मामला शांत हो गया। लेकिन 28 फरवरी 2017 को पिता ने जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में एक बार फिर युवती की शादी कर दी। लेकिन विवाहिता और उसके प्रेमी के बीच प्रेम-प्रसंग चलता रहा।
31 मार्च को विवहिता को उसके ससुरालीजन लेने आने वाले थे। लेकिन 30 मार्च की रात विवाहिता अपने प्रेमी संग नकदी और जेवरात लेकर भाग गई। उधर युवती के दूसरे पति ने अपने ससुर पर नकदी-जेवरात देने के लिए दबाव बनाया। उसने पुलिस कार्रवाई की धमकी भी दी।
काफी दिन बाद विवाहिता के पिता को पता चला कि आरोपी युवक खानपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली अपनी बुआ के यहां रह रहा है। दो दिन पहले विवाहिता का पिता बेटी को लेने के लिए खानपुर गया तो विवाहिता ने पिता को पहचानने से ही इनकार कर दिया।
यही नहीं बेटी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। पीड़ित परिवार ने एक दरोगा पर भी अभद्रता करने का आरोप लगाया है। वही, एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।