करंट से झुलसे किसान की मौत, हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
जरारा गांव में झूल रहे जर्जर हाईटेंशन तार की चपेट में आने से झुलसे किसान ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा कर जाम लगा दिया।
लोगों ने किसान के आश्रित परिवार को मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग की। सूचना पर पहुंचे एसओ ने एसडीएम से बात कर उनकी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। तब लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
गौरतलब हो कि शनिवार सुबह करीब 7 बजे जरारा गांव निवासी किसान देवराज (45) चारे का गट्ठर लेकर घर जा रहे थे। इसी दौरान गांव के बाहर बंबे पर लटक रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से देवराज बुरी तरह झुलस गए थे। गंभीर हालत में देवराज को अलीगढ़ ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
उधर, रविवार सुबह करीब 9 बजे घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने पहासू सोमना रोड पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे कार्यवाहक एसओ शैलेन्द्र त्यागी पहुंचे। ग्रामीणों ने उनसे पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलवाने की मांग की।
एसओ ने एसडीएम से फोन पर वार्ता के बाद पीड़ित परिवार को पांच बीघा जमीन और 50 हजार रुपये आर्थिक सहायता के रूप में दिलाने का आश्वासन दिया तब जाकर लोग शांत हुए। करीब 20 मिनट तक जाम लगने से रोड पर वाहनों का आवागमन बाधित हो गया था।