पंजाब नेशनल बैंक के बाहर लाइन में लगे लोगों पर लाठी भांजने का वीडियो मिलने पर एसएसपी ने आरोपी सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया।। वहीं इंस्पेक्टर पर भी कार्रवाई की तलवार लटकी हुई है।
दो दिन की छुट्टी के बाद सोमवार को खुले नगर के पीएनबी के बाहर लोगों की काफी भीड़ जमा हो गई। धक्का-मुक्की हुई तो हालात बिगड़ने लगे।
लोगों ने बैंक का बाहरी गेट को तोड़ने की कोशिश की तो बैंक मैनेजर कमलेंदू कर्दम ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर इंस्पेक्टर ककोड़ फोर्स के साथ पहुंचे। सिपाही रविशंकर ने बैंक के बाहर खड़े लोगों पर लाठी भांजी जिससे भगदड़ मच गई। भगदड़ में कई लोग चोटिल भी हो गए। इसी दौरान किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया और एसएसपी को भेज दिया।
एसएसपी ने सिपाही रविशंकर को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। वही इंस्पेक्टर पर भी कार्रवाई की तलवार लटकी हुई है। ककोड़ इंस्पेक्टर केपी सिंह का कहना है कि बैंक मैनेजर के बैंक पर हंगामे की सूचना पर वह पुलिस टीम के साथ वहां पहुंचे थे। उग्र भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस ने लाठियां फटकारी थी।