रुपये के लालच में पुलिस गंभीर मामलों में भी खेल करने से नहीं चूकती है। स्याना कोतवाली क्षेत्र के गांव किसौला में हुई युवक की हत्या के मामले में भी पुलिस ने खेल कर दिया है।
वादी का आरोप है कि उसने तीन को नामजद करते हुए तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने उसको फाड़कर खुद नई तहरीर लिखवाई।
जिसके आधार पर पांच लोगों को नामजद करते हुए एफआईआर दर्ज कर ली। शिकायत मिलने पर एसएसपी ने मामले की जांच सीओ स्याना को दी है। किसौला निवासी पिंटू उर्फ संजय पुत्र बुद्ध प्रकाश ने बृहस्पतिवार दोपहर ग्रामीणों के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंचा।
उसने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसके बेटे ऋषभ की हत्या छह दिसंबर 2016 को गांव में ही कर दी थी। सूचना पर पुलिस आई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संजय का कहना है कि उसने गांव के तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी।
पुलिस ने वह तहरीर फाड़ दी और नई तहरीर बोलकर लिखवाई। जिसमें दो नाम और बढ़ा दिए। बता दें कि पुलिस दर्ज एफआईआर में नाम निकालने के नाम पर खेल करती है। एसएसपी सोनिया सिंह ने बताया कि वादी ने स्याना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की जांच सीओ स्याना को दी है। जांच रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।