एक मेडिकल स्टोर संचालक द्वारा महिला को प्रतिबंधित दवाई बेचने का मामला प्रकाश में आया है। प्रतिबंधित दवाई का लगातार सेवन करने से महिला नशे की आदी बन गई।
महिला के पति को जब पूरी बात पता चली तो मेडिकल स्टोर पर जाकर उसने जमकर हंगामा किया। स्टोर संचालक ने पति को चार हजार रुपये देकर मामले को रफा-दफा किया।
वहीं मामला संज्ञान में आने पर औषधि निरीक्षक ने मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है।
जानकारी के मुताबिक, कस्बा निवासी एक महिला अपने 10 वर्षीय बेटे से प्रतिदिन नशे की लत को पूरा करने के लिए एक दवाई का इंजेक्शन मंगाती थी। इसके लिए वह घर में ही चोरी करने लगी।
काफी समय से सबकुछ चोरी से चल रहा था, लेकिन रविवार को चोरी पकड़ी गई। महिला ने इंजेक्शन मंगाने के लिए पति की जेब से 100 रुपये निकाले। पति ने रुपये गिने तो उसे शक हुआ।
पति ने उससे कड़ाई से पूछताछ की। पत्नी ने इंजेक्शन के लिए 100 रुपये चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पति बिफर गया और पत्नी को लेकर मेडिकल स्टोर पहुंचा।
पति ने वहां जमकर हंगामा किया। मामला बढ़ता देख स्टोर संचालक ने पति को चार हजार रुपये देकर इसे रफा-दफा किया। बता दें कि बिना डॉक्टर के निर्देश और पर्ची के वह दवाई नहीं बेची जा सकती है।