पोखर मोहल्ला में सोमवार शाम दो लुटेरों ने घर के पास रिटायर्ड लेखपाल के पुत्र पर जानलेवा हमला कर बाइक लूटने की कोशिश की। चीख सुनकर दौड़ी भीड़ ने एक लुटेरे को दबोचकर धुनाई कर दी। जबकि दूसरा भाग गया। पकड़ा गया आरोपी जमानत पर जेल से बाहर आया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित रिटायर्ड लेखपाल फूलचंद गुप्ता ने बताया कि सोमवार शाम पुत्र रिंकू उर्फ पराग अग्रवाल अपने चाचा की बाइक घर से लेकर जा रहा था। तभी घर के सामने घात लगाए दो युवकों ने पराग पर चाकू से हमला कर दिया और बाइक छीनने की कोशिश करने लगे।
रिंकू की चीख सुनकर लोगों की भीड़ दौड़ी और एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि दूसरा भागने में कामयाब हो गया। पकड़े गए बदमाश की पहचान मुनेश पुत्र विजय पाल व फरार बदमाश की पहचान विजेंद्र पुत्र छोटेलाल निवासी रामपुर मोहकमपुर थाना रजपुरा जिला संभल के रूप में की गई है।
भीड़ की पिटाई से घायल मुनेश को सीएससी से जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। पीड़ित ने दोनों लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। अनूपशहर कोतवाल उदयवीर सिंह बालियान ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश मुनेश वाहनों की चोरी करता है।
आरोपी पर थाना सिविल लाइन मुरादाबाद में बाइक चोरी के चार केस दर्ज हैं। एक माह पहले ही मुनेश जेल से जमानत पर आया है।