फिरोजपुर गांव के पास जंगल में हत्या करने के बाद शव को बिटौरे में जला दिया। सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस अधजले शव की शिनाख्त नही कर पाई। यह भी नहीं पता चल पाया कि शव महिला का है या पुरुष का। पुलिस ने आग बुझाकर मौके पर मिली हड्डियों को डीएनए टेस्ट के लिए सुरक्षित कर लिया है।
फिरोजपुर का माजरा जाफरनगर उर्फ गदाईपुर में गांव के खचेडू़ पहलवान के ज्चार के खेत में बिटौरा रखा हुआ था। रविवार सुबह ग्रामीणों ने देखा तो बिटौरे में आग लगी थी। नजदीक जाकर देखा तो पता चला कि बिटौरे में शव जल रहा है।
शोर मचाने पर आस पास के अन्य लोग भी पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मृतक की सिर्फ हड्डियां और सीने का हिस्सा बच्चा था। ग्रामीणों की मदद से आग बुझाकर हड्डियों और मांस के लोथड़े को बाहर निकाला। पुलिस ने कई हिस्सों में बंटे हड्डियों के टुकड़ों को कब्जे में लेकर डीएनए टेस्ट के लिए सुरक्षित कर लिया है।
मौके पर जले हुए बोरे के टुकड़े मिलने से आशंका जताई जा रही है कि हत्यारे बोरे में डालकर शव यहां लाए थे। इसके बाद बिटौरे में रखकर उसको जला दिया। ग्रामीणों ने बताया कि रात करीब ढाई बजे गाड़ी से कुछ लोगों के आने की आहट उन्हें हुई थी।
वहीं आग लगने से उजाला भी दिखाई दिया था। लेकिन रात के समय गांव से दूर का मामला होने से यहां तक आने की किसी ने हिम्मत नहीं जुटाई।