टॉपर छात्रा से वार्त करते एसपी सिटी मानसिंह चौहान।
- फोटो : अमर उजाला
संसाधनों के अभाव में मां का सपना पूरा करने में जुटी बिटिया जज बनकर पिता को सजा देना चाहती है। लाचारी में पढ़ रही ‘टॉपर बिटिया’ का सपना है कि वह बड़ी होकर जज बने और अपने पिता को कड़ी सजा दे। वह चाहती है कि आगे से कोई भी व्यक्ति अपनी पत्नी और बच्चों को बदहाली में न छोड़े। ऐसे हालातों का दर्द वही समझ सकता है, जो इससे गुजरा हो।
मां को तलाक देकर बेदखल किए जाने के बाद उसकी टॉपर बेटियों को पढ़ाई के लिए बड़ी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। होनहार बेटियों के भविष्य को देखते हुए डीएम ने उसका प्रवेश नगर के सेंट मोमिना स्कूल में करा दिया। आवास विकास निवासी पुष्पा की बेटी भैरवी को किताब-कॉपी एसपी सिटी ने दिलाईं।
मंगलवार को एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बिटिया को दफ्तर बुलाया। उसकी योग्यता को परखने के लिए एसपी सिटी ने जब उससे अंग्रेजी में कठिन सवाल किए तो बिटिया ने आसानी से उनके जवाब दे दिए।
इस पर एसपी सिटी और दफ्तर में बैठे बुद्धिजीवी भी दंग रह गए। फिर एसपी सिटी ने बिटिया से अंग्रेजी में ही उसके लक्ष्य को पूछा तो उसने कहा कि वह जज बनना चाहती है। बिटिया ने बताया कि जैसा उसकी मां और उसकी बहन-भाई के साथ हुआ है, ऐसा किसी के साथ न हो। वह जज बनकर अपने पिता को इसकी सजा देगी।
बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सभी को आगे बढ़कर सहयोग करना चाहिए। बेबसी और लाचारी के बावजूद पढ़ाई कर रही भैरवी काफी होशियार है। भैरवी की योग्यता जानने के लिए जब मैंने उससे प्रश्न किए तो कठिन सवालों के जवाब भी भैरवी ने आसानी से दिए। कोशिश की जाएगी कि किसी एनजीओ से उसकी मदद कराई जा सके।
- मान सिंह चौहान, एसपी सिटी