अगौता थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी के पास रविवार की देर शाम शादी समारोह में शामिल होने जा रहे दंपत्ति और उसकी बहन से बाइकर्स बदमाशों ने तमंचे के बल पर लाखों के जेवरात लूट लिये। लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया। पीड़ित ने दो के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
बता दें कि गांव बीहरा निवासी राजीव शर्मा अपनी रजनी शर्मा व बहन सविता शर्मा के साथ रविवार शाम करीब सात बजे बाइक द्वारा शादी समारोह में शामिल होने के लिये बीबीनगर थाना क्षेत्र के गांव निसुर्रखा जा रहा था। रास्ते में ख्ड़ी गांव के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोका और तमंचे के बल पर दो जोड़ी कानों की झुमकी, दो कालर, पांच सोने की अंगूठी, एक चेन सहित अन्य सामान लूट लिया। राजीव ने लूटपाट का विरोध किया तो बदमाशों ने उसे चाकू मारकर घायल कर दिया।
पीड़ित ने 100 नंबर पर फोन कर मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के करीब आधा घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने घटना स्थल के पास पड़े पर्स के आधार पर सिकंदराबाद क्षेत्र के एक युवक को हिरासत में लिया है। इंस्पेक्टर अगौता अवनीश कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।