बाइक सवार बदमाशों ने किराना के थोक व्यापारी को बस से उतारकर कलेक्शन की 60 हजार रुपये की नगदी लूट ली। व्यापारी ने घटना के तीन घंटे बाद पुलिस को सूचना दी। जेवर निवासी अतुल ने बताया कि वह किराना का थोक व्यापारी है। आसपास के क्षेत्र में वह किराना का सामान सप्लाई करता है। बताया कि बृहस्पतिवार को वह दुकानदारों से कलेक्शन करने के लिए आया था।
उसने रबूरापुरा, झाझर, ककोड़ से करीब 60 हजार रुपये की कलेक्शन की थी। ककोड़ से पेमेंट लेने के बाद वह जेवर वाली बस में बैठ गया। बताया कि चचूरा नहर के पास बाइक सवार तीन युवकों ने बस रुकवा ली और उसे मिलने के बहाने नीचे बुला लिया। बताया कि बदमाशों ने उससे 60 हजार की नगदी लूट ली।
पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। घटना दोपहर दो बजे की है। पुलिस का कहना है कि अतुल ने थाने में पांच बजे सूचना दी। जबकि घटना स्थल से थाने की दूरी तीन कि.मी है। प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध लग रही है। पुलिस जांच कर रही है।