एक व्यक्ति ने खुद को डीआईजी बताकर पुलिस अफसरों को जमकर हड़काया। महिला पुलिस अफसरों से फोन पर अभद्रता की गई। महिला कांस्टेबल की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। साइबर सेल एक्सपर्ट की टीम मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान में जुटी है।
गत 23 फरवरी को महिला थाना प्रभारी गयाश्री चौहान के नंबर पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को डीआईजी आलोक शर्मा बताते हुए एक अन्य नंबर पर कॉल कर बातचीत करने के लिए कहा। महिला थाना प्रभारी के शक होने पर कांस्टेबल रोशीला से उस नंबर पर कॉल कराई गई।
उस नंबर पर कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने डीआईजी से कोई ताल्लुक नहीं होने की बात कही। इसके बाद जब खुद को डीआईजी बताने वाले व्यक्ति को फोन किया गया तो वह भड़क गया। आरोप है कि उसने महिला कांस्टेबल रोशीला से गाली-गलौच कर जान से मारने की धमकी दी।
इसी तरह एक मार्च को उसी नंबर से सीओ सिटी और सीओ सिकंदराबाद के सीयूजी नंबर पर कॉल करके महिला थाना प्रभारी और अन्य महिला कांस्टेबलों के बारे में जानकारी ली गई। कोतवाली प्रभारी पोषीराम शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।