अवैध रूप से विकसित कॉलोनियों और अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को बीडीए का बुलडोजर चला। इस दौरान दो अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त करने के अलावा नगर की एक कॉलोनी में हो रहे अतिक्रमण को ढहा दिया गया। साथ ही अवैध कॉलोनी में बन चुके दो मकानों को सील कर दिया गया।
बीडीए अफसरों ने इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार को बीडीए सचिव इंदु प्रकाश सिंह के नेतृत्व में बीडीए अफसरों ने खुर्जा रोड पर विकसित अवैध कॉलोनियों को ढहा दिया।
साथ ही खुर्जा रोड पर कालोनाइजर नवीन गोयल, सुनील अस्थाना और योगेश राजौरा द्वारा अवैध रूप से विकसित की गई करीब नौ बीघा में फैली कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया गया। इसके अलावा कालोनाइजर सतेंद्र और मनोज की करीब 10 बीघा में फैली अवैध कॉलोनी को भी ध्वस्त कर दिया गया।
अवैध कॉलोनी में बने दो मकानों को भी सील कर दिया गया। इसके अलावा नगर की शिवा कॉलोनी में सड़क पर किए गए अवैध अतिक्रमण को भी बीडीए अफसरों ने ढहा दिया। बीडीए सचिव इंदुप्र काश सिंह ने बताया कि अवैध रूप से विकसित दो कॉलोनी और सड़क पर हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई।
आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस ने पुराना जीटी रोड से हटवाया अतिक्रमणः सिकंदराबाद (ब्यूरो)। नगर को जाम मुक्त बनाने के लिए पुलिस द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ छेड़ा गया अभियान सोमवार को भी जारी रहा। पुलिस ने नगर के पुराना जीटी रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया।
दोबारा से अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। नगर की सड़कों को जाम मुक्त बनाने के लिए पुलिस ने अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़ रखा है। पुलिस अब तक करीब 90 अतिक्रमणकारियों को अतिक्रमण करने के आरोप में जेल भेज चुकी है।
सोमवार देर शाम कोतवाल जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में नगर के पुराना जीटी रोड पर पुलिस ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने दुकानों के बाहर से अवैध अतिक्रमण को हटवाया और दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी।
अतिक्रमण पर प्रशासन का चला डंडा, हड़कंप अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन और नगर पालिका ने अभियान चलाकर फुटपाथों से कब्जा हटवाकर सामान जब्त कर लिए। वहीं, अस्पताल रोड पर टेंट लगाकर रह रहे खानाबदोशों से भी जगह खाली करवाई गई।
एसडीएम राहुल यादव के नतृत्व में सोमवार शाम को टीम गांधी रोड पर पहुंची, जहां फुटपाथों से कब्जे हटाए गए। इस दौरान कई दुकानदारों के सामान भी जब्त किए गए। इसी दौरान सुभाष मार्ग, कॉलेज मार्ग पर पहुंची टीम ने अतिक्रमण हटवाया।
अस्पताल रोड की सरकारी जमीन पर टेंट लगाकर रह रहे लोगों को हटाया गया। एसडीएम ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ शहर में लगातार अभियान चलेगा। नगर पालिका के ईओ ने अल्टीमेटम देते हुए कहा कि नेहरूपुर चुंगी से लेकर तहसील तक हुए कब्जे हटा लिए जाएं। वरना पालिका अपनी एजेंसी के जरिए खुद कब्जा हटवाएगी। साथ ही जुर्माना भी वसूला जाएगा।