घर में टीवी देख रही वृद्धा की अज्ञात बदमाशों ने कुल्हाड़ी से गला रेत कर हत्या कर दी। बदमाशों ने घर में मौजूद पुत्रवधू के कुंडल और पाजेब लूटकर उसके हाथ-पैर बांधकर कमरे में बंद कर दिया। सुबह पुत्रवधू के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे और उसे बंधनमुक्त कर पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर एसएसपी, एसपी सिटी, सीओ, बीबीनगर एसओ फोर्स के साथ पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। मृतका के पुत्र ने तीन-चार अज्ञात बदमाशों के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। बीबीनगर क्षेत्र के गांव लुधपुरा निवासी मनीष कुमार ने बताया कि बीती रात उसकी पत्नी सविता और मां परसंदी देवी घर में टीवी देख रही थी।
रात साढ़े नौ बजे तीन-चार बदमाश चाकू-तमंचे लेकर घर में घुस आए। बदमाशों ने सविता का मुंह दबाकर कुंडल-पायजेब उतरवा लिए और उसके हाथ-पांव बांधकर कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने घर के आंगन में पड़ी कुल्हाड़ी से परसंदी देवी की गला रेत कर हत्या कर दी।
प्रात: तीन बजे सविता के शोर मचाने पर पड़ोसी पहुंचे और घटना की जानकारी मृतका के पुत्र मनीष को फोन पर दी। मनीष टैक्सी चालक है तथा बुकिंग लेकर हल्द्वानी गया हुआ था। ग्रामीणों की सूचना पर बीबीनगर थाना प्रभारी सुभाष चंद सिंह मय फोर्स घटनास्थल पर पहुंचे।
उच्चाधिकरियों को सूचना मिलने पर एसएसपी सोनिया सिंह, एसपी सिटी मानसिंह चौहान तथा सीओ स्याना घटनास्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक विभाग की टीम ने घटनास्थल पर पहुंच साक्ष्य एकत्र किए।