पुलिस ने 24 अक्तूबर को अनाज मंडी व्यापारी के मुनीम से हुई दस लाख की लूट में मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूट की रकम के 96 हजार रुपये बरामद किए हैं। साजिशकर्ता का भतीजा व दो अन्य बदमाश अभी फरार है।
24 अक्तूबर को शिकारपुर अनाज मंडी स्थित मित्तल ट्रेडर्स के मुनीम ललित से दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने मंडी परिसर में गन पॉइन्ट पर लेकर दस लाख का थैला लूट लिया था जब वह पीएनबी की शाखा से कैश लेकर मंडी जा रहे थे।
पुलिस ने सर्विलांस की मदद से बदमाशों का पता लगाया। रविवार को पुलिस ने अनूपशहर मोड़ से जमालपुर निवासी प्रधान पति जयकुमार पुत्र इंद्रपाल को गिरफ्तार कर लिया। एसएचओ शैलेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि उससे लूट की रकम से 96 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
सीओ चंद्रधर गौड़ ने बताया कि जयकुमार हत्या के आरोपों में जेल में बंद था। लगभग दो माह पूर्व ही वह जमानत पर छूटा था। पैसे की जरूरत को पूरा करने के लिए जयकुमार ने अपने भतीजे रोहित पुत्र धर्मवीर,अलीगढ़ के पिसावा थाना क्षेत्र के गांव बसेरा निवासी बिटटू व लछोई निवासी अमित फौजी के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई।