सोशल साइट पर संविधान निर्माता डॉ. बीआर अंबेडकर की फोटो के साथ छेड़छाड़ कर सोशल साइट पर डाल दी गई। इससे गुस्साए दलित समाज ने तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
साथ ही चेताया है कि आरोपी पर कार्रवाई नहीं की गई तो समाज के लोग सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।
सिविल कोर्ट में भानुप्रकाश और संसपाल सिंह ने बताया कि फूलपुर निवासी युवक ने 18 फरवरी को संविधान निर्माता डॉ.भीमराव अंबेडकर का फोटो गलत मंशा से छेड़छाड़ कर सोशल साइट पर पोस्ट कर दिया। देखते ही देखते अंबेडकर के इस अपमान से दलित समाज में आक्रोश फैल गया। काफी संख्या में आक्रोशित दलित समाज के लोग लामबंद होकर मंगलवार को कोतवाली पहुंचे।
उन्होंने पोस्ट करने वाले आरोपी युवक के खिलाफ साइबर एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की मांग की। समाज के लोगों ने आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दी। साथ ही चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो वह सड़कों पर उतरने को मजबूर हो जाएंगे। कोतवाली प्रभारी ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है। शिकायत देने वालों में दीपक, नेत्रपाल, सतेंद्र, योगेश, सुरेंद्र, सुरेंद्र, सोहनलाल, विमल, राजबहादुर मौजूद रहे।