थाना क्षेत्र के गांव मूढ़ीबकापुर में एसिड अटैक के पीछे पीड़िता का आरोपी के फ्रेंडशिप ऑफर का ठुकराना रहा।
जांच अधिकारी को दिए बयान में पीड़िता रुबीना ने खुलासा किया कि आरोपी राजकुमार छह महीने से उस पर फ्रेंडशिप के लिए दबाव बना रहा था।
हालांकि 72 घंटे बाद भी पुलिस आरोपी का कोई सुराग नहीं लगा सकी है। इससे पीड़ित परिवार में पुलिस के प्रति भारी रोष है।
बता दें कि शनिवार की देर रात गांव मूढ़ीबकापुर निवासी हबीब अंसारी की 20 वर्षीय पुत्री रूबीना के चेहरे पर आरोपी राजकुमार ने ने तेजाब उड़ेल दिया था।
इस मामले में पीड़िता के पिता ने राजकुमार उर्फ तिरमल को नामजद किया था। मंगलवार की देापहर एक बजे आईओ अखिलेश पाठक पीड़िता के बयान लेने दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल पहुंचे।
आईओ के अनुसार रूबीना ने बताया कि राजकुमार पिछले 6 माह से उससे फ्रेंडशिप करना चाह रहा था। वह हर बार इनकार कर देती थी।
मंगलवार दोपहर 3 बजे सीओ सिटी अभिषेक यादव मामले की तफ्तीश में औरंगाबाद थाने पहुंचे और पीड़िता के पिता हबीब अंसारी, मां बुन्दो, बेटी शबनम और छोटी के अलग-अलग बयान दर्ज किए।
एसओ औरंगाबाद बीएस बिसारे ने बताया कि नामजद आरोपी के दिल्ली में छुपे होने की आशंका है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
पुलिस की लापरवाही से फरार हुआ आरोपी
तेजाबकांड में सीधे तौर पर थाना पुलिस की लापरवाही उजागर हुई है। पहले ही दिन आरोपी का सामने आने पर भी पुलिस ने युवक को हिरासत में लेना उचित नहीं समझा।
जिस कारण आरोपी का परिवार मौका पाकर गांव से भाग जाने में कामयाब रहा। परिजनों का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई के नाम पर झूठा आश्वासन दे रही है।