शुक्रवार दोपहर पेशी पर कचहरी आया लूट का आरोपी हाथ में लगी हथकड़ी निकालकर फरार हो गया। पेशी पर लाने वाले पुलिसकर्मियों को सीजेएम कोर्ट में हथकड़ी खाली देख आरोपी के फरार होने की जानकारी हुई।
सूचना फैलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस फरार आरोपी को पकड़ने में जुट गई है। मिली जानकारी के मुताबिक, सिकंदराबाद थाना क्षेत्र के गांव बुड़ाकी निवासी मोहित पुत्र रामवीर को तत्कालीन इंस्पेक्टर सिकंदराबाद आरके सिंह ने 7 मई 2014 को उसके सदस्यों के साथ मुठभेड़ के बाद पकड़ा था।
नगर कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि तब से मोहित जेल में बंद था। शुक्रवार दोपहर कांस्टेबल हरीचरन और विकास लूट के आरोपी मोहित को उसके साथी दीपक के साथ जेल से लेकर कोर्ट आए थे।
सीजेएम कोर्ट में पेशी के दौरान मोहित हथकड़ी से हाथ निकालकर फरार हो गया। पुलिसकर्मी हाथ में पड़ी हथकड़ी लेकर एक-दूसरे का मुंह देखते रहे। वायरलेस पर सूचना फ्लैश होते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
पुलिस की टीमों ने कांबिंग की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मोहित पर 13 मामले गौतमबुद्धनगर में दर्ज हैं। दो मामले दिल्ली में दर्ज हैं जबकि बुलंदशहर में 8 से अधिक मामले दर्ज हैं।
अफसरों की सुस्ती के चलते अभिरक्षा से भाग रहे बंदी
नगर कोतवाली क्षेत्र की इंद्रा कॉलोनी निवासी हत्यारोपी शाकिर पुत्र साबिर पिछले करीब तीन सालों से हत्या के मामले में जेल में बंद था। 16 दिसंबर को पेशी पर आया शाकिर हथकड़ी से हाथ निकालकर फरार हो गया।
पुलिस आजतक उसे पकड़ नहीं पाई है। उस समय अफसरों ने लापरवाही मानते हुए कांस्टेबल यशपाल को सस्पेंड कर दिया था।
वहीं पुलिस ने यशपाल और फरार हुए शाकिर पुत्र साबिर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी लेकिन आजतक विभाग की ओर से उसे पकड़ने के लिए कोई रुचि दिखाई और न ही उसके ऊपर कोई इनाम घोषित किया है।
जिला कारागार से पेशी पर आया लूट का आरोपी मोहित हाथ से हथकड़ी निकालकर फरार हो गया। लापरवाह पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।-राजेश कुमार, एसपी सिटी