डाक विभाग के डाक जीवन बीमा निगम में उजागर हुए 6.84 लाख के फर्जीवाड़े ने अफसरों की नींद उड़ा दी है। इस फर्जीवाड़े में पोस्टमास्टर और सुपरवाइजर सहित चार कर्मचारी निलंबित हो चुके हैं। उनसे राशि को वसूल कर लिया और इस मामले में अभी भी तीन और कर्मचारी रडार पर हैं।
मुख्य डाक अधीक्षक ने दावा किया कि फर्जीवाड़े की जांच जारी है। कई और ऐसे मामले सामने आ सकते हैं। मुख्य डाक अधीक्षक ने डाक जीवन बीमा निगम के तहत होने वाले बीमा की फाइलों की जांच की थी। अधीक्षक ने जांच में पाया कि बीमा की जमा की गई राशि की रसीद तो काटी गई, मगर उसे बीमा में नहीं दर्शाया गया।
इसकी जब गहन जांच की गई तो एक के बाद एक फर्जीवाड़े की तह खुलने लगी और 6.84 लाख का फर्जीवाड़ा सामने आया। इस पर अफसर और बाबुओं को तलब किया गया। इसमें पोस्टमास्टर और सुपरवाइजर के साथ दो बाबुओं की मिलीभगत सामने आई। इस पर इन चारों को निलंबित करते हुए उनसे डकारी गई राशि वसूल की गई।
पोस्टमास्टर और सुपरवाइजर सहित चार को निलंबित कर राशि वसूल कर ली है। जांच जारी है और तीन और कर्मचारी उनकी रडार पर हैं। - वाईपी सिंह, मुख्य डाक अधीक्षक बुलंदशहर