रिपोर्ट दर्ज करवाने को दर-दर भटक रही मृतक कबड्डी खिलाड़ी की मां
- 15 मार्च को जिला अस्पताल में इंजेक्शन लगने के बाद खिलाड़ी की हो गई थी मौत
- मां ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाकर की थी शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। कबड्डी खिलाड़ी छात्रा की मौत के बाद रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए परिजन दर-दर भटक रहे हैं। खिलाड़ी की मां ने चिकित्सकों पर लापरवाही बरतने और गलत इंजेक्शन लगाने से मौत होने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
सदर तहसील क्षेत्र के लखावटी स्थित डिग्री कॉलेज में बीए में अध्ययनरत छात्रा कोमल कबड्डी की नेशनल खिलाड़ी थी। कोमल की मां संतोष ने बताया कि 16 मार्च को कोमल के पेट में अचानक दर्द उठा। परिजन कोमल को लेकर लखावटी स्थित स्वास्थ केंद्र पर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर बता कोमल को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बताया कि जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सकों से बेटी का उपचार करने की मांग की तो आरोप है कि चिकित्सकों ने बिना जांच के एक कर्मचारी से इंजेक्शन लगवाया दिया, जिसके बाद उसे भर्ती कर देखा भी नहीं। कुछ घंटो बाद कोमल ने दम तोड़ दिया। बताया कि इस दौरान चिकित्सकों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को घर भेज दिया। परिजनों ने संबंधित चिकित्सकों पर कार्रवाई के लिए सीएमओ को शिकायती पत्र दिया। कार्रवाई न होने पर मई माह में एसएसपी और जिलाधिकारी को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई। बताया कि मामले में अफसरों द्वारा भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। सीएमओ डॉ. केएन तिवारी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। शिकायत के आधार पर जांच कराई जा चुकी है। मामले में किसी भी चिकित्सक एवं कर्मचारी की लापरवाही सामने नहीं आई है। वहीं, पुलिस जांचकर्ता ने बताया कि मृतका का पोस्टमार्टम न होने की वजह से मृत्यु के कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम होता तो मौत के कारणों का पता चल जाता।